क्या नमक आपको बीमार कर रहा है ?

अधिक नमक के सेवन से क्या नुकसान है ?

नमक में सोडियम तत्व होता है, जो ब्लडप्रेशर (बी.पी) को बढ़ाता है। अधिक ब्लडप्रेशर से हृदय की बीमारियां जैसे हार्ट अटैक और हार्टफैल, हो सकते है। ज्यादा ब्लडप्रेशर – लकवा, गुर्दो में खराबी और असमय मृत्यु का भी कारण बन सकता है। कमजोर हृदय क्षमता के मरीजों में, अधिक नमक सेवन से सांस फूलना एवं पैरों में सूजन बनी रहती है।

प्रतिदिन नमक का सेवन कितना होना चाहिए?
स्वस्थ व्यक्ति को प्रतिदिन 2.3 ग्राम (आधी छोटी चम्मच) से कम नमक का सेवन करना चाहिए।
ज्यादा ब्लडप्रेशर एवं 40 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को प्रतिदिन 1.5 ग्राम (एक चौथाई छोटी चम्मच) से कम नमक लेना चाहिए।
औसत भारतीय व्यक्ति प्रतिदिन 11 ग्राम (2 चम्मच से ज्यादा) नमक खाता है।

क्या नमक सेवन कम करने से ज्यादा बी.पी. कम हो सकता है।
निश्चित रूप से, खाने में 2.5 ग्राम (आधा चम्मच) नमक कम कर देने से लगभग 10 mm Hg बी.पी कम हो सकता है। कई लोगों में दवाई लेने के बावजूद ब्लडप्रेशर बढ़े रहने का कारण, खाने में ज्यादा नमक लेना होता है।

कौन सा नमक खाना चाहिए ?
सामान्य सफेद टेबल नमक सार्वभौमिक रूप से प्रयोग किया जाता है। यह ब्लीच्ड (Bleached) और परिष्कृत (Refined) होता है, तथा इसमें रसायनों का मिश्रण किया जाता है। इसके विपरित सेंधा नमक (चट्टान नमक – जो उपवास में खाया जाता है) में अधिकांश उपयोगी तत्व होते है और यह कभी भी कठोर रसायनों के सम्पर्क में नहीं आता है। सेंधा नमक या काला नमक, स्वास्थ्य के लिए सामान्य, सफेद नमक के मुकाबले कम नुकसानदायक है।